बेल्थरा रोड में महावीरी झंडा जुलूस में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

डीजे की धुन पर थिरकते युवा और मनमोहक झांकियां रहे आकर्षण के केन्द्र 

बेल्थरा रोड, बलिया। बेल्थरा रोड में मंगलवार को महावीरी झंडा जुलूस आस्था, भक्ति और उत्साह के वातावरण में मनाया गया। मानस मंदिर महावीरी झंडा एवं दुर्गा पूजा समिति और यूनाइटेड क्लब महावीरी झंडा एवं दुर्गा पूजा समितियों की ओर से निकाले गये भव्य जुलूस में देर शाम तक गोते लगाते श्रद्धालुओं के "पवनसुत हनुमान की जय" और "जय श्रीराम" के उद्घोष से पूरा बेल्थरा रोड नगर गुंजायमान हो उठा।
नगर मानस मंदिर परिसर से यूनाइटेड क्लब, पुलिस चौकी, चौधरी चरण सिंह तिराहे से बेल्थरा रोड बस स्टेशन से सिविल लाइंस पानी टंकी गली होकर जुलूस रामलीला मैदान पहुंचकर अपने उठान स्थल पर पहुंचकर सम्पन्न हुआ। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने इस वार्षिक धार्मिक आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।
जुलूस में नगर के साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। नगर की दोनों समितियों की ओर से सजे-धजे वाहनों पर बजरंगबली की आकर्षक प्रतिमाएं विराजमान थीं। इनके साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत झांकियां लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर जुलूस का स्वागत किया। डीजे की धार्मिक धुनों, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
महावीरी झंडा जुलूस में शामिल विभिन्न अखाड़ों के खिलाड़ियों ने अपने हैरतअंगेज करतबों से लोगों को रोमांचित कर दिया। लाठी, लोहे की रॉड, मिट्टी के तेल से भिगोए कपड़े के गोलाकार छल्ले तथा अन्य पारंपरिक शौर्य प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने अपनी कला और साहस का प्रदर्शन किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच अखाड़ों के प्रदर्शन को देखने के लिए सड़क के दोनों किनारे लोगों की भीड़ जमी रही।
महावीरी झंडा जुलूस के चलते बेल्थरा रोड नगर भगवा ध्वजा और पताकाओं से लहलहा रहा था। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में भी आयोजन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
महावीरी झंडा जुलूस के दौरान धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सौहार्द की भी खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। 
जामा मस्जिद के पास अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पानी और शरबत की व्यवस्था की गई थी। भाजपा नेता छट्ठू राम, समाजसेवी एवं सपा नेता राजेश पासवान की ओर से भी भंडारे का आयोजन किया गया। वहीं कर्मयोगी बाबा रामधारी एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। नगर के विभिन्न स्थानों पर व्यापारियों, समाजसेवियों और सामाजिक संगठनों ने श्रद्धालुओं के लिए शरबत, पानी, जलपान और भोजन की व्यवस्था की। 
हजारों की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। जुलूस मार्ग पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ और यातायात व्यवस्था पर नजर बनाए रहे। 
कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ल के अलावा छह क्षेत्राधिकारी, 25 इंस्पेक्टर, 54 उपनिरीक्षक, 285 हेड कांस्टेबल, 45 महिला आरक्षी और 10 ट्रैफिक हेड कांस्टेबल सहित पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
जुलूस में प्रमुख रूप से समाजसेवी राजेश दयाल, समाजसेवी योगेश्वर सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दिनेश कुमार गुप्ता, भाजपा नेता छट्ठू राम, सीयर ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह, पूर्व विधायक धनंजय कनौजिया, पूर्व विधायक गोरख पासवान, उद्योग व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष प्रशांत जायसवाल "मंटू", सभासद मोहम्मद सद्दाम, सभासद निलेश दीपू, सभासद नैयर, पूर्व सभासद सुनील कुमार (टिंकू), समाजसेवी एवं सपा नेता राजेश पासवान, व्यापारी नेता दुर्गा प्रसाद 'मधुलाला', समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश सचिव आनंद यादव, प्रशांत रंजन यादव सहित नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


विज्ञापन