दुबई में काम कर रहे युवक की मौत के बाद शव घर पहुंचने पर मचा कोहराम

ससना बहादुरपुर निवासी दिलीप राजभर की 13 सितंबर को हार्ट अटैक से हुई थी मौत 

बेल्थरा रोड, बलिया। दुबई में काम कर रहे 24 वर्षीय दिलीप राजभर की 13 सितंबर 2026 को रात में खाना खाकर सोने में ही दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। सुबह उठने पर सहकर्मियों और साथ रहने वाले जीजा ने जगाया तो शरीर में कोई हलचल नहीं होने पर उनके मौत की जानकारी हो सकी। 
आज मृतक दिलीप राजभर का शव उनके पैतृक गांव ससना बहादुरपुर पहुंचा। ताबूत खुलने के बाद शव देखकर परिजनों के करुण-क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन हो गया। शव देखकर मृतक की मां, बहन और भाई अचेत हो जा रहे थे।
आपको बताते चलें कि दिलीप राजभर पुत्र ओमप्रकाश राजभर निवासी ससना बहादुरपुर थाना उभांव जनपद बलिया अपने जीजा तेज बहादुर के साथ दुबई में किसी कंपनी में टाइल्स मैनेजमेंट का काम करते थे। दिलीप चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। 
बड़े भाई दीपक राजभर ने बताया कि घर में एक मात्र कमाऊ सदस्य होने के साथ ही परिवार के सबसे लाड़ले थे। प्रतिदिन मम्मी-पापा से तीन बार बातचीत करते थे, उस दिन भी शाम को बात हुई थी।
मौत की खबर घर आने के बाद से परिवार में कोहराम मच गया, 13 सितंबर से आज शव घर आने तक लगातार लोगों के आने जाने से बार बार जख्म हरे हो जाते हैं।
शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है। शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक गोरख पासवान और धनंजय कन्नौजिया सहित प्रधान प्रतिनिधि रमाशंकर यादव उर्फ बाउल सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
बड़े भाई दीपक राजभर और छोटे भाई अरुण व वरुण राजभर सहित बड़ी बहन पिंकी, दिलीप के मां बाप का रो-रो कर बुरा हाल है।
शव का अंतिम संस्कार तुर्ती पार स्थित श्मशान घाट पर किया गया जहां मुखाग्नि पिता ओमप्रकाश राजभर ने दी।

विज्ञापन