बलिया। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह के विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में नवागत जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मंगला प्रसाद सिंह का अभिनंदन किया। जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की।
समारोह के दौरान अधिकारियों ने जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह के कार्यकाल में अपनाई गई कार्यशैली, प्रशासनिक समन्वय और अधिकारियों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार का उल्लेख किया। अधिकारियों ने कहा कि उनके कार्यकाल में विभिन्न प्रशासनिक कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने में सहयोग मिला। उन्होंने मंगला प्रसाद सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
वहीं, नवागत जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह का भी अधिकारियों ने स्वागत किया। अधिकारियों ने उनके साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए जनपद के विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था को आगे बढ़ाने का भरोसा जताया। नवागत जिलाधिकारी ने भी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनहित को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
विदाई समारोह के अंत में कलेक्ट्रेट सभागार का माहौल भावुक हो उठा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मंगला प्रसाद सिंह को आत्मीयता के साथ विदाई दी और उनके आगामी कार्यकाल एवं जीवन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर सीडीओ आलोक कुमार, एडीएम अनिल कुमार, सीआरओ गुलशन जी, जिला प्रोबेशन अधिकारी अमरेंद्र कुमार सहित समस्त एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



