बेल्थरा रोड, बलिया। सीयर ब्लॉक अंतर्गत समसुद्दीन पुर गांव के ग्रामीण मुख्य मार्ग से गांव को जोड़ने वाले रास्ते की जर्जर हालत से परेशान हैं। उन्होंने डीएम बलिया से इस रास्ते के निर्माण की गुहार लगाई है।
आपको बताते चलें कि समसुद्दीन पुर गांव का ब्राह्मण टोला आज भी विकास कार्यों से अछूता है। स्थानीय लोगों को आज भी आने-जाने के लिए समुचित रास्ता नहीं है। जो रास्ता है उस पर घास-फूस, बड़ी-बड़ी झाड़ियों के उग जाने और कच्चा मार्ग होने से चलना भी दूभर है। इस रास्ते पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के मौसम में इन गड्ढों में पानी और रास्ते पर कीचड़ हो जाने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की खराब स्थिति के कारण पैदल यात्रियों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है। कई बार वाहन गड्ढों में फंस जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष रूप से कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में भी अधिक समय लगता है।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने समसुद्दीन पुर ब्राह्मण टोला से सीयर कसेसर मार्ग तक के रास्ते के निर्माण के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते रास्ता ठीक नहीं हुआ, तो यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।



