बेल्थरा रोड, बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के ग्राम दोथ (पोस्ट सोनाडीह) में रंजिश के चलते खटाल चला रहे दो सगे भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल अमरेश कुमार सिंह की मऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे भाई मंजेश सिंह की वाराणसी में मौत से जंग जारी है।
अमरेश की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अमरेश बहादुर सिंह (45) और मनजेश सिंह (35) पुत्र स्वर्गीय जितेंद्र सिंह अपने गांव में ही गाय पालन का खटाल चलाते हैं। बताया जा रहा है कि उनका ही एक पट्टीदार रामकरण सिंह अचानक खटाल पर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। जब दोनों भाई विवाद सुनकर बाहर निकले, तो आरोपी युवक ने उन पर बड़े चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
गंभीर चोट लगने के कारण दोनों भाई मौके पर ही गिरकर तड़पने लगे। यह देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाइक पर लादकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सीयर पहुंचाया गया।
सीएचसी सीयर में इमरजेंसी देख रहे चिकित्सक डॉ. आर.बी. चौहान ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि दोनों भाइयों के पेट में चाकू से गहरा घाव है। एक घायल की आंत बाहर आ जाने के कारण दोनों की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल/उच्च केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया, जिसके बाद परिजन बेहतर इलाज के लिए घायलों को मऊ ले गए।
सूचना पर उभांव पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। घटना की सूचना के बाद पुलिस के आला अधिकारी भी घटना स्थल पहुंचे और परिजनों व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर आरोपियों की तलाश व कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने वीडियो बयान जारी करते हुए बताया कि गुरुवार (10.09.2026) को समय करीब 22.00 बजे थाना उभांव अंतर्गत ग्राम सोनाडीह (दोथ) से एक सूचना प्राप्त हुई कि अमरेश बहादुर सिंह पुत्र स्व० जितेन्द्र सिंह व उनके भाई मंजेश सिंह को गांव के ही उसके पाटीदार रामकरण सिंह, उसके परिवार के पिता- गिरीश सिंह, भाई- सूरज सिंह, बहन व उसकी माता ने मिलकर चाकू मार दिया है । जिसमें दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए थे, उनको तत्काल सीएससी (सीयर) लाया गया। जहां से बेहतर उपचार हेतु इनको जनपद मऊ के लिए रेफर किया गया। मऊ में इलाज के दौरान अमरेश बहादुर सिंह की मृत्यु हो गयी तथा साथ ही साथ मंजेश सिंह को बेहतर उपचार हेतु बीएचयू वाराणसी भेजा गया है। इसमें तत्काल मौके पर सभी उच्चाधिकारियों द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है। प्रारंभिक जानकारी यह प्रकाश में आई है कि दोनों घायल भाइयों के पट्टीदार रामकरण सिंह किसी बात को लेकर गाली-गलौज कर रहा था जिसमें मंजेश और अमरेश सिंह ने समझाने का प्रयास किया, इसी बीच रामकरण सिंह व इनके पारिवारिक अन्य लोगों द्वारा चाकू मार दिया गया । मृतक अमरेश बहादुर की पुत्री से प्राप्त तहरीर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है, साथ ही साथ नामजद पांच अभियुक्तों में से घटना में संलिप्त तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और अन्य दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु 3 टीमें लगाई गई हैं । शीघ्र ही इनको गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही की जाएगी। मौके पर शान्ति व्यवस्था कायम है ।



