तहसील रसड़ा में खादी-ग्रामोद्योग बोर्ड की योजनाओं को लेकर जागरूकता कार्यक्रम

बलिया। जिला ग्रामोद्योग कार्यालय की ओर से गुरुवार को विकासखंड एवं तहसील रसड़ा के मीटिंग हॉल में विपणन विकास सहायता कार्यक्रम (एससीएसपी) के तहत एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं संभावित लाभार्थियों को उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड और उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रभाकर राव तथा विशिष्ट अतिथि खंड विकास अधिकारी शिवांकित वर्मा रहे। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रणधीर सिंह, बीएमएम आलोक कुमार सिंह, मनीष कुमार पाठक, एडीओ आईएसबी दिनेश तिवारी सहित कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशेष रूप से मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना एवं मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना की पात्रता, उद्देश्य, मिलने वाले लाभ और आवेदन प्रक्रिया के संबंध में बताया गया। अधिकारियों ने पात्र ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार स्थापित करें और अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाएं। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की योजनाओं से संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही अधिक से अधिक लोगों को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना रहा।

विज्ञापन