पेमेंट सेतु एप से घर बैठे जमा होगा चालान, ग्रामीणों को दी गई लोक अदालत की जानकारी

बलिया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया श्री अनिल कुमार झा के आदेशानुसार मंगलवार को पंचायत भवन हरिपुर, बलिया में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के सचिव श्री चन्द्र प्रकाश तिवारी के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया की ओर से पैरालीगल वालेन्टियर्स श्री राजेश शर्मा, श्री राजकुमार सिंह, श्री जगदीश नारायण चौधरी, श्री विमलेश कुमार एवं श्रीमती दीप्ति ने उपस्थित ग्रामीणों को विभिन्न विधिक विषयों की जानकारी दी। इस दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि अब चालान की धनराशि जमा करने के लिए लोगों को न्यायालय अथवा कचहरी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पेमेंट सेतु एप के माध्यम से नागरिक घर बैठे ऑनलाइन चालान का भुगतान कर सकेंगे। एप पर चालान का विवरण जांचने के बाद ऑनलाइन भुगतान किया जा सकता है। भुगतान सफल होने पर तत्काल डिजिटल रसीद प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखा जा सकेगा। पैरालीगल वालेन्टियर्स ने बताया कि ऑनलाइन भुगतान की सुविधा से चालान जमा करने की प्रक्रिया अधिक आसान एवं पारदर्शी होगी। साथ ही नागरिकों को न्यायालय आने-जाने में लगने वाले समय और श्रम की भी बचत होगी। शिविर के दौरान 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में भी ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी सुलह- समझौते के आधार पर सरल, त्वरित एवं प्रभावी ढंग से निस्तारण कराया जा सकता है। ग्रामीणों को लोक अदालत के महत्व से अवगत कराते हुए बताया गया कि यह विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। शिविर में उपस्थित लोगों से लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई।

विज्ञापन