पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी पी. सी. जायसवाल द्वारा क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान, गाजीपुर का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान में रेलकर्मियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित विभिन्न प्रशिक्षण एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ने संस्थान में स्थित मॉडल रूम, पुस्तकालय, कवच लैब, जिम, मनोरंजन कक्ष एवं मेस का निरीक्षण किया तथा संस्थान में प्रज्ञान आई टी लैब का उद्घाटन किया वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों के लिए उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता को निरंतर बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान संस्थान के सभागार में राजभाषा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी पी. सी. जायसवाल द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने राजभाषा के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करते हुए रेलकर्मियों से कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर दिव्यांगजनों को प्रदान की जाने वाली विभिन्न सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान द्वारा तैयार की गई पुस्तक का विमोचन भी प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक द्वारा किया गया। उन्होंने पुस्तक के प्रकाशन की सराहना करते हुए इसे दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता तथा रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई जा रही यात्री सुविधाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम के दौरान वाराणसी मंडल की वरि. मंडल वाणिज्य प्रबंधक, सुश्री प्रशस्ति श्रीवास्तव क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य पी. के मिश्र सभी अनुदेशक एवं वार्डन सहित संस्थान के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के अंत में प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी पी. सी. जायसवाल ने संस्थान में उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की सराहना की तथा संस्थान को प्रशिक्षण की गुणवत्ता, अनुशासन एवं सुविधाओं के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।



