राष्ट्रीय पोषण सप्ताह पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित

बलिया। राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के अवसर पर बुधवार को पंचायत भवन गड़वार, बलिया में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के तत्वावधान में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माननीय उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया श्री अनिल कुमार झा के आदेशानुसार किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के सचिव (पूर्ण कालिक) श्री चन्द्र प्रकाश तिवारी ने की। कार्यक्रम में श्री चन्द्र प्रकाश तिवारी ने उपस्थित ग्रामीणों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जाने वाली निःशुल्क विधिक सेवाओं एवं पात्र व्यक्तियों को उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को उनके विधिक अधिकारों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया। राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा पौष्टिक भोजन, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली को अपनी दिनचर्या में अपनाने की अपील की। शिविर के दौरान हेल्थ कैम्प का भी आयोजन किया गया। इसमें उपस्थित ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा उन्हें स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित आवश्यक जानकारी और परामर्श प्रदान किया गया। ग्रामीणों को संतुलित आहार के साथ-साथ व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान श्रीमती सुधा देवी, सचिव आशुतोष पाण्डेय, पंचायत सहायक अंजली भारती, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. प्रियंका, स्टाफ नर्स सविता गोंड, लैब टेक्नीशियन करन, फार्मासिस्ट जितेन्द्र सिंह, आशा बहू, नव भारतीय नारी विकास समिति की ओर से अनीकेत गुप्ता, पैरालीगल वालंटियर्स सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

विज्ञापन