रिपोर्ट- गौहर खान ब्यूरो प्रमुख बलिया
बलिया। जनपद के सभी थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं न्यायपूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने थाना सिकंदरपुर एवं थाना खेजुरी में पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। वहीं अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला ने थाना बांसडीह में जनसुनवाई की।
जनपद के थानों पर कुल 136 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा 21 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
अधिकारियों ने विशेष रूप से भूमि संबंधी मामलों में पुलिस एवं राजस्व टीम को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि फरियादियों को अपनी समस्या के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और मामलों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित हो सके।



