बलिया के सिकंदरपुर में 45 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

रिपोर्ट- गौहर खान ब्यूरो बलिया 

ब्रेजा कार से बिहार ले जाने की थी तैयारी, बरामद गांजे की कीमत करीब 22 लाख रुपये

सिकंदरपुर, बलिया। थाना सिकंदरपुर पुलिस और एएनटीएफ गाजीपुर की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक ब्रेजा कार में रखा 45 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तस्कर चार पहिया वाहन से गांजा लेकर बलिया से सिकंदरपुर होते हुए देवरिया के रास्ते बिहार जाने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर सिकंदरपुर पुलिस और एएनटीएफ गाजीपुर की टीम ने नगरा मोड़ के पास चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान सफेद रंग की एक ब्रेजा कार संदिग्ध अवस्था में आती दिखाई दी, पुलिस टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान कार से 45 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से विकास कुमार यादव निवासी चन्दरपुरा, थाना ब्रह्मपुर, जिला बक्सर (बिहार) तथा शुभम सिन्हा उर्फ अमित सिन्हा उर्फ छोटू निवासी वीर कुंवर सिंह कॉलोनी, थाना टाउन, जिला बक्सर (बिहार) को गिरफ्तार किया।
मामले में थाना सिकंदरपुर में मु0अ0सं0 254/2026, धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
कार्रवाई में सिकंदरपुर थाना प्रभारी हरिशंकर सिंह, एएनटीएफ गाजीपुर के प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र नाथ सिंह समेत सिकंदरपुर पुलिस और एएनटीएफ की टीम शामिल रही।
विज्ञापन