लखनऊ। लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवारों की 10वीं लिस्ट जारी कर दी है जिसमें उत्तर प्रदेश की सात सीटें गाजीपुर, बलिया, इलाहाबाद, फूलपुर, मछलीशहर, कौशाम्बी और मैनपुरी लोकसभा सीट शामिल है. भारतीय जनता पार्टी ने बहुचर्चित सीट गाजीपुर से पारस नाथ राय को टिकट दिया है वहीं बलिया लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त का टिकट काटकर पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर को टिकट दिया है।
आज जारी हुई सूची के अनुसार प्रयागराज से नीरज त्रिपाठी, फूलपुर लोकसभा सीट से प्रवीण पटेल को टिकट दिया है. इसके अलावा मछलीशहर से बीपी सरोज, मैनपुरी से जयवीर सिंह ठाकुर और कौशाम्बी से विनोद सोनकर को टिकट दिया गया है।
बलिया से बीजेपी द्वारा टिकट की घोषणा में देरी से यह कयास लगाए जाने लगे थे कि वर्तमान सांसद का टिकट कटने वाला है।आखिरकार बीजेपी ने इस बार पुराने दिग्गज व स्थानीय उम्मीदवार पर एक बार फिर भरोसा जताया है।



