बेल्थरा रोड तहसील क्षेत्र में पराली जलाने में हजारों बोझ अरहर की फसल और आधा दर्जन से अधिक मड़ईयां और नलकूप के इंजन स्वाहा

बेल्थरा रोड, बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह ग्राम के पूरब दिशा में किसी खेत में गेहूं कटाई के बाद वृहस्पतिवार को अपराह्न पराली में आग जला देने और हवा के झोंके से आग बढ़ने से कई गांवों की सीमा होते हुए चारों तरफ फैल गई। जिससे खेतों में रखे अरहर के हजारों बोझ जल गए और आधा दर्जन से अधिक मड़ईयां जलकर राख हो गईं। घटना में खेतों में लगे आधा दर्जन से अधिक लोगों के निजी नलकूप के इंजन जल गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से पानी की बौछारों से आग पर काबू पाया। बताया जाता है कि सोनाडीह ग्राम के पूरब भाग में खेत में गेहूं कटाई के बाद किसी ने पराली जला दी, जिससे आग की लपटें उठने लगीं। पछुआ हवा के झोंके से आग फैलने लगा और कुछ ही समय में आग तेजी से बढ़ते हुए टंगुनिया, बुद्धीपुर, चक मिलकान, मुबारकपुर आदि गांवों के किनारे से होते हुए अन्य गांवों की ओर बढ़ने लगी। इस दौरान करीब चार किलोमीटर के भूभाग में खेतों में रखे अरहर के हजारों बोझ जल गए। इसमें रामप्रीत, सुधीर, संजय पांडेय, हरिश्चंद्र, राघवेंद्र, वरुण, दिवाकर आदि किसानों के मड़ई, अरहर के बोझ और नलकूप के इंजन आग की भेंट चढ़ गए। इससे गांवों में अफरा-तफरी मच गई और लोग आग बुझाने को जुट गए। सूचना पाते ही मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने पानी डाल आग पर काबू पाया। इस दौरान पूर्व विधायक धनंजय कन्नौजिया मौके पर पहुंचे तथा घटना का जायजा लेते हुए दमकल वाहन के साथ खेतों में घूम-घूम कर आग बुझाने में तत्पर दिखे। अगलगी की इस घटना में किसी जन-धन हानि की सूचना नहीं है।

विज्ञापन