बेल्थरा रोड, बलिया। शनिवार की शाम करीब 4 बजे बेल्थरा रोड मधुबन राज मार्ग उभांव थाना क्षेत्र के ग्राम अखोप चट्टी पर एक अनियंत्रित पिकअप की चपेट में आने से मां व बेटे की दर्दनाक मौत हो गई और सड़क किनारे दुकान लगा कर जिविकोपार्जन करने वाला दुकानदार रवि गुप्ता भी चोटिल हो गया, उसकी दुकान का माल भी क्षतिग्रस्त हो गया है। ग्रामीणों के प्रयास से पिकअप मौके से पकड़ा जा चुका है। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच कर शव और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही में जुट गयी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भीमपुरा थानांतर्गत नरपत पुर ( किड़ीहरापुर ) निवासी अमरजीत चौहान (उम्र 53 वर्ष) पुत्र रामवृक्ष चौहान बाईक संख्या UP 60 AK 0192 से अपनी माता दुलारी देवी (73) को लेकर अपने रिश्तेदारी उभांव थानांतर्गत ग्राम बउल्डी में श्रीनारायण चौहान के घर जा रहे थे कि उभांव थाना क्षेत्र के बेल्थरा रोड - मधुबन राज मार्ग पर अभी अखोप चट्टी पर पहुंचे ही थे कि सामने से अनियंत्रित तेज रफ्तार से आ रही पिकअप संख्या UP 54 AT 4137 ने सीधे टक्कर मारते हुए चौकी पर चल रही गुटखा, कोल्ड ड्रिंक्स, सुरती आदि की दुकान में जा भिड़ी, जहां दुकानदार रवि गुप्ता (24) पुत्र पारसनाथ गुप्ता निवासी अखोप भी हल्की चोट का शिकार हो गया। उसकी दुकान व सामान भी इधर-उधर बिखर गए।
घटना के बाद घटनास्थल पर हाहाकार मच गया। ग्रामीण घटना होते ही मौके पर पहुंच गए जहां बाईक सवार मां-बेटे की मौत हो चुकी थी। मृत मां-बेटे मऊ जिला के रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बस्ती में अपने रिश्तेदार नंदा चौहान के घर से ग्राम बउल्डी के लिए जा रहे थे। उभांव पुलिस दोनों शवों, दुर्घटनाग्रस्त पिकअप एवं बाइक को कब्जे में लेकर थाने लाने के बाद आगे की कार्रवाई में जुट गयी।



