बलिया। मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन की अध्यक्षता में 5 अगस्त 2024 को संपन्न हुई बैठक में बलिया जिले में मेडिकल कॉलेज बनाने का रास्ता साफ हो गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि राजकीय इंटर कॉलेज अपनी भूमि पर यथावत कायम रहेगा, शासन द्वारा वर्तमान जिला कारागार को नई जगह पर स्थानांतरित कर बनाया जाना प्रस्तावित है इसलिए जिला कारागार की वर्तमान भूमि पर मेडिकल कॉलेज बनाया जाना उचित होगा। यह भूमि कैबिनेट के अनुमोदन के बाद चिकित्सा शिक्षा विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित की जाएगी। पुराना पुरुष जिला अस्पताल और महिला जिला अस्पताल वर्तमान स्थान पर यथावत चलते रहेंगे।
आम जन की सुविधा हेतु शहर के मुख्य मार्ग पर मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लिए वर्तमान जिला कारागार की जमीन दी जा रही है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि वर्तमान जिला कारागार को चिन्हित स्थान पर स्थानांतरित करते हुए वर्तमान जिला कारागार भवन को ध्वस्त कर उसके मलवे का निस्तारण नियमानुसार चिकित्सा शिक्षा विभाग अथवा लोक निर्माण विभाग के माध्यम से कराया जाए।



