बेल्थरा रोड, बलिया। प्रख्यात विद्वान, भारतीय संस्कृति के संवाहक, महान दार्शनिक, पूर्व राष्ट्रपति स्व० डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर आज ब्लॉक संसाधन केंद्र सीयर में आयोजित एक समारोह में शिक्षा उन्नयन छात्र, नामांकन में वृद्धि, विद्यालय परिवेश का सर्वांगीण विकास, शिक्षा में आईसीटी का प्रयोग, निपुण लक्ष्यों की प्राप्ति, गतिविधि आधारित शिक्षण कार्य में उल्लेखनीय योगदान के लिए शिक्षा क्षेत्र सीयर के 16 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
ब्लॉक संसाधन केंद्र सीयर में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह की औपचारिक शुरुआत मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार सिंह और बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक संतोष कुमार द्वारा संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पण-दीप प्रज्वलन और स्वर्गीय सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैल्य चित्र पर माल्यार्पण के साथ की गई। इस अवसर पर स्वर्गीय राधाकृष्णन के जन्मदिन का केक भी काटा गया।
मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने सर्वप्रथम उपस्थित शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी ।उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि निश्चित रूप से प्राइवेट स्कूलों के बढ़ने से प्राथमिक विद्यालय के लिए चुनौतियां बढ़ीं हैं फिर भी हमारे काबिल, इमानदार, कर्मठ शिक्षकों ने नए कीर्तिमान स्थापित करते हुए प्राथमिक विद्यालय के कायाकल्प में अतुलनीय योगदान दिया है, आपका सम्मान करते हुए हमारा खुद का सम्मान बढ़ा है। निश्चित रूप से हमारे समाज में शिक्षक से बड़ा कोई पद नहीं है।
शिक्षक सम्मान समारोह को विशिष्ट बीटीसी वेलफेयर एसोसिएशन के ब्लॉक अध्यक्ष परशुराम यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक की गोद में प्रलय और निर्माण दोनों पलते हैं और शिक्षक निश्चित रूप से निर्माण का ही संवाहक होता है। बड़े विश्वास के साथ अभिभावक अपने नौनिहालों को हमारे पास भेजता है तो हमें भी उस विश्वास को हमेशा कायम रखना है।
इस अवसर पर शिक्षा क्षेत्र सीयर के 16 शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र व कलम देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वाले शिक्षकों में देवेंद्र नाथ, मोनिका शर्मा, दयानंद सिंह, कमलापति यादव, संतोष कुमार पांडे, अंशु श्रीवास्तव, वर्षा सिंह, शिवानंद यादव, राजेश कुमार जायसवाल, राज कृष्ण वर्मा, प्रियंका कुमारी, विनोद यादव, नौशाद अली, कुमारी सुवर्णा, जैनेंद्र कुमार सिंह, कृष्णानंद सिंह रहे।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से शैक्षिक महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष अखिलेश कुमार, प्रभाकर तिवारी, आशुतोष पांडे, नेहा यादव, कन्हैया गुप्ता, राकेश यादव सहित सैकड़ों अध्यापक उपस्थित रहे। समारोह का संचालन व धन्यवाद ज्ञापन कृष्णानंद सिंह ने किया।



