हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 40 वर्षीय युवक की मौत

उभांव थानांतर्गत बहुता चक उपाध्याय की घटना 

 उभांव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु बलिया भेजा 


बेल्थरा रोड, बलिया।उभांव थाना क्षेत्र के बहुताचक उपाध्याय गांव में रविवार की पूर्वाह्न लगभग 11 बजे नवनिर्मित भवन की छत के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 40 वर्षीय युवक की मौत हो गयी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही उभांव पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार बहुताचक उपाध्याय गांव निवासी दीपक यादव (उम्र 40 वर्ष ) पुत्र सूर्यभान यादव अपने नवनिर्मित भवन के छत पर लगभग 11 बजे दिन में साफ सफाई कर रहे थे । इसी बीच दीपक छत के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार के चपेट में आ गया और गम्भीर रूप से झुलसने के बाद छत से नीचे गिर गया। जिससे घटना स्थल पर ही दीपक की मौत हो गयी। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है दीपक के बारे में लोग बता रहे हैं कि बहुत ही सरल स्वभाव का मृदुभाषी और मिलनसार व्यक्ति था। घटना की सूचना मिलते ही उभांव पुलिस मौके पर पहुंचकर कागजी कार्यवाही के बाद युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत युवक के एक 15 वर्ष व एक 13 वर्ष के दो पुत्र हैं।

विज्ञापन