बेल्थरा रोड तहसील क्षेत्र में "विश्वकर्मा जयंती पूजन" की धूम

बड़े धूमधाम से पूजे गए आदि शिल्पी भगवान विश्वकर्मा 
बेल्थरा रोड बलिया। तहसील क्षेत्र के विभिन्न विश्वकर्मा मंदिरों, कृषि मंडी समिति और बहोरवां मार्ग स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर सहित नगर के यांत्रिक प्रतिष्ठानों में निर्माण के देवता, देव शिल्पी भगवान श्री विश्वकर्मा की जयंती समारोह बड़े ही धूमधाम से मनाई गई। 
आपको बताते चलें कि श्री विश्वकर्मा को हिंदू धार्मिक मान्यताओं और ग्रंथों के अनुसार निर्माण और सृजन का देवता माना जाता है। सोने की लंका, द्वारिका आदि के निर्माणकर्ता भगवान विश्वकर्मा को यंत्रों का अधिष्ठाता और देवता माना गया है। हिंदू धर्म संस्कृति में यंत्रों के देवता भगवान विश्वकर्मा के पिता वासुदेव और माता अंगीरशी हैं।
क्षेत्र के यांत्रिक संस्थानों सहित विश्वकर्मा मंदिरों में हुई पूजा 
तहसील क्षेत्र के विभिन्न विश्वकर्मा मंदिरों सहित नगर के यांत्रिक प्रतिष्ठानों में हवन पूजन के कार्यक्रम देर शाम तक चलते रहे। श्री विश्वकर्मा जयंती पूजन समारोह बेल्थरा रोड कृषि मंडी स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर पर आचार्य बिकाऊ शर्मा व आचार्य लाल मणि शर्मा और बहोरवां स्थित विश्वकर्मा मंदिर पर आचार्य आनंद कुमार के पूजन-हवन व मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। वहीं नगर के विभिन्न यांत्रिक प्रतिष्ठानों में भी श्री विश्वकर्मा पूजन बड़े ही विधि विधान के साथ किया गया।
हवन पूजन के बाद प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन किया गया। 
कृषि मंडी स्थित विश्वकर्मा मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया 
कृषि मंडी स्थित विश्वकर्मा मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है । यहां स्थित विश्वकर्मा मंदिर परिसर में देर शाम तक भंडारे का कार्यक्रम चला जिसमें हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। हवन-पूजन और भंडारे के सफल आयोजन के बाद श्री विश्वकर्मा सेवा समिति के अध्यक्ष शिवमंगल शर्मा ने सबका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से भाजपा नेता छट्ठू राम, कैलाश शर्मा, गुलाब शर्मा, दूधनाथ शर्मा, डा० रामू शर्मा, धनंजय शर्मा (पत्रकार), श्री विश्वकर्मा सेवा समिति के महामंत्री कमल कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष हरे राम शर्मा, दीनानाथ शर्मा सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।


विज्ञापन