बलिया। कल मंगलवार (17-06-2025) को एक प्रार्थिनी द्वारा थाना कोतवाली बलिया में प्रार्थना पत्र देते हुए बताया गया कि वह अपने खाता से पैसा निकाल कर पैसा गिन रही थी कि एक व्यक्ति ने आकर उसके पास पैसों में फटा नोट निकालने की बात कहा और पैसा लेकर फरार हो गया । प्रार्थिनी की तहरीर पर थाना कोतवाली बलिया में मु.अ.सं.- 0251/2025 धारा- 304(1) बीएनएस का अभियोग पंजीकृत करते हुए अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम बनाकर लगातार प्रयास किया जा रहा था । इसी क्रम में आज बुधवार (18.6.2025) को थाना कोतवाली पुलिस टीम के चौकी प्रभारी आक्डेनगंज उ.नि. बृजेश सिंह, हे.का. विकास वर्मा और कां. सर्वेश यादव के साथ उपरोक्त मुकदमे के विवेचनात्मक कार्यवाही के क्रम में वादिनी मुकदमा अफसाना खातून को लेकर घटना स्थल पर जाकर विवेचनात्मक कार्यवाही सम्पादित किया गया तथा वादिनी मुकदमा व बैंक से उपरोक्त अभियोग में घटना कारित करने वाले व्यक्ति की सीसीटीवी फुटेज देखकर फोटो प्राप्त किया गया, फुटेज के आधार पर मुखबिर खास की सूचना पर मालगोदाम रोड मंदिर के पास से वांछित अभियुक्त जितेन्द्र कुमार पाण्डेय (उम्र 35 वर्ष) पुत्र स्व० विशुन देव पाण्डेय निवासी बिहटा थाना बिहटा जनपद पटना राज्य बिहार को गिरफ्तारी का कारण बताते हुए पूर्वाह्न करीब 10.35 बजे पुलिस हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से कुल 12,400 रुपये बरामद हुए। जिसमें धारा- 317(2) बी.एन.एस. की बढ़ोत्तरी की गई। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए माननीय न्यायालय भेज दिया गया।



