मधुबन क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित बिन टोलिया में निःशुल्क चिकित्सा शिविर

बाढ़ प्रभावित लोगों की हो स्वास्थ्य सुरक्षा - डॉ संजय सिंह

मऊ। जनपद के मधुबन तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र बिन टोलिया में शारदा नारायण हॉस्पिटल द्वारा आज सोमवार को निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ संजय सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मधुबन क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित लोगों में स्वास्थ्य की समस्या तेजी से बढ़ती जा रही है। यहां पर जुकाम, बुखार खुजली की समस्या लगभग सभी लोगों को है। पेयजल से होने वाली बीमारियां भी तेजी से पांव पसार रही हैं। प्रशासनिक स्तर पर हो रहे संतोषपूर्ण राहत कार्य के बीच यहां रहने वाले लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में भी प्रयास करना नितांत आवश्यक है। 
उन्होंने कहा कि बाढ़ के बाद पानी के उतर जाने के बाद भी अनेक प्रकार की गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाएगा। इस दिशा में अभी से प्रयास करने पर उसे रोका जा सकता है। उन्होंने दो मुहल्लों में भ्रमण कर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान वहां आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 58 लोगों को खांसी, बुखार, गैस, खुजली व विटामिन की दवाओं का वितरण किया गया।

विज्ञापन