बलिया। जिले के सुखपुरा थाना क्षेत्र के सुखपुरा कस्बा स्थित बुढ़वा शिव मंदिर से चांदी के आवरण से सुसज्जित शिवलिंग पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया है। घटना की जानकारी सोमवार की सुबह पूजा-अर्चन करने पहुंचे भक्त गर्भगृह में शिवलिंग नहीं होने पर हुई। गर्भगृह में शिवलिंग नहीं होने पर भक्त दंग रह गये। इसकी जानकारी होते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठी हो गई।
आप को बताते चलें कि बुढ़वा शिवमंदिर इलाके का प्राचीन शिव मंदिर है। इस मंदिर से पूरे क्षेत्र की आस्था जुड़ी हुई है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त बाबा का जलाभिषेक करते है। सोमवार की सुबह दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालु पहुंचे, तो वहां का नजारा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। गर्भगृह से शिवलिंग ही गायब था। शिवलिंग गायब होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
चोरों ने शिवलिंग के साथ दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखा नकदी भी चुरा लिया। मंदिर में चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है।
वहीं घटना स्थल पहुंचे बलिया पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि थाना सुखपुरा 04/05.01.2026 की रात्रि में कस्बा सुखपुरा में गांव के बाहर स्थित बुढ़वा शिव मंदिर में अज्ञात चोरों द्वारा मंदिर में स्थापित शिवलिंग जिसमें चांदी का परत चढ़ा हुआ था, को अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया है। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना सुखपुरा द्वारा सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर, घटनास्थल का टेक्निकल/मैनुअल टीम द्वारा गहराई से निरीक्षण कर शीघ्र ही घटना का सफल अनावरण कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।



