बलिया। उभांव थाना अन्तर्गत तिरनई खिजिर पुर गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
तिरनई खिजिर पुर गांव निवासी 24 वर्षीय आदर्श अपने साथी रजनीकांत के साथ बाइक से गेहूं पिसाने जा रहे थे। गांव से महज 500 मीटर आगे बढ़ते ही सामने से आ रही बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर देवरिया निवासी अब्दुल्लाह (22) सवार था, जो बलिया अपने दोस्त से मिलने जा रहा था।
ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को सीयर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांचोपरांत आदर्श को मृत घोषित कर दिया। रजनीकांत और अब्दुल्लाह का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार अब्दुल्लाह की आंख में गंभीर चोट आई है।
बहन की शादी से पहले बुझ गया घर का चिराग
मृतक आदर्श नगरा विद्युत विभाग में संविदा पर मीटर रीडर के पद पर कार्यरत था। छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर का आदर्श कमाऊ सदस्य था। घर में बहन की शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
अस्पताल में तनाव, पुलिस ने संभाली स्थिति
हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की भारी भीड़ जुट गई। इसी दौरान दूसरे पक्ष का एक युवक पहुंचने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना पर पहुंची सीयर चौकी पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी।



