करण-अर्जुन की टूटी जोड़ी, बेल्थरारोड हादसे में छात्र की मौत

पुलिस पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
बेल्थरा रोड, बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के बेल्थरा रोड में बुधवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में 14 वर्षीय छात्र करन की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे ने न केवल उस्मानपुर टेकनपुरा के एक परिवार का चिराग बुझा दिया, बल्कि 'करण-अर्जुन' जैसे दो सगे भाइयों की जोड़ी को भी हमेशा के लिए जुदा कर दिया। घटना के बाद से ही ग्रामीणों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, सत्येंद्र इंटर कॉलेज के छात्र करन (14) पुत्र धनंजय अपने साथी प्रिंस और शैलेश के साथ अपाचे बाइक से घर लौट रहे थे। आदित्य मैरिज हॉल के पास सड़क पर मुड़ रही एक वैगनआर कार से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि करन की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार चालक ने इंडिकेटर दिया था, लेकिन बाइक की रफ्तार अत्यधिक होने के कारण हादसा हो गया।
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुँच गए। ग्रामीणों ने इस घटना के लिए सीधे तौर पर पुलिस को जिम्मेदार ठहराते हुए उन पर दोष मढ़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस क्षेत्र में डग्गामार वाहनों और बेलगाम रफ्तार पर अंकुश लगाने में नाकाम रही है। पुलिस द्वारा चेकिंग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर लोगों ने मौके पर जमकर नाराजगी जाहिर की।
अस्पताल में कोहराम, दो घायल रेफर
सूचना मिलते ही उभांव थाने का प्रभार संभाल रहे दरोगा सुमित त्रिपाठी और चौकी इंचार्ज मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ सीयर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचे। अस्पताल के डॉक्टर राजीव ने बताया कि करन को 'ब्रॉड डेड' (मृत अवस्था) में लाया गया था। वहीं घायल प्रिंस और शैलेश को शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर फ्रेक्चर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए करन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया। करन की मौत की खबर सुनते ही उसके भाई अर्जुन और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में इस समय मातम का सन्नाटा पसरा हुआ है।


विज्ञापन