रिपोर्ट - गौहर खान ब्यूरो बलिया
सिकंदरपुर, बलिया। बुधवार को महाशिवरात्रि का पर्व पूरे श्रद्धा-उल्लास के साथ मनाया गया। शहरी व ग्रामीण अंचलों के सभी शिवालयों में तड़के चार बजे से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कस्बा स्थित चतुर्भुज नाथ मंदिर, बाबा अद्भुत नाथ मंदिर, तथा डूहा क्षेत्र के वनखंडी नाथ मंदिर समेत प्रमुख मंदिरों में लंबी कतारें देखी गईं।
डोमनपुरा स्थित चतुर्भुज नाथ मंदिर पर तो रात तीन बजे से ही श्रद्धालुओं का जमावड़ा लग गया। भक्तों ने शिवलिंग पर पंचामृत (जल, दूध, दही, शहद व घी) से अभिषेक किया और भगवान शिव को भांग, धतूरा व बेलपत्र अर्पित किए। कई मंदिरों में विशेष रुद्राभिषेक का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने धूप-दीप से पूजा-अर्चना कर आरती उतारी।
भीड़ को देखते हुए सभी प्रमुख मंदिरों में पुलिस बल तैनात रहा। मंदिर परिसरों के बाहर बेलपत्र व पूजन सामग्री की दुकानें सजी रहीं। पूरे दिन “हर-हर महादेव” के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा।



