बलिया। उ०प्र० के बलिया में जहां कल तक एक घर मे शहनाइयों की गूंज थी और खुशियों का माहौल था, वहां आज चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा है। जिले के थाना सहतवार अंतर्गत ग्राम बलेउर में एक विवाह समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दो लोग बुरी तरह घायल हो गए जिसमें एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक मोहन राजभर (फ़ाइल फोटो)
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बलेउर निवासी राम सुरेश राजभर की बेटी की शादी में मनियर क्षेत्र के ग्राम बड़सारी जागीर से बारात आई थी। बारात के आगमन पर ‘द्वारपूजा’ की रस्म चल रही थी, तभी बाराती मोहन राजभर और विजय राजभर की कस्बे के तीन स्थानीय युवकों से किसी बात पर कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि मारपीट शुरू हो गई। इस हिंसक झड़प में 19 वर्षीय मोहन राजभर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सहतवार सीएचसी ले जाया गया गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।एएसपी दिनेश कुमार शुक्ल ने बयान जारी कर बताया कि “दिनांक 24 फरवरी, 2026 को थाना सहतवार क्षेत्र के ग्राम बलेउर में एक अत्यंत दुखद घटना घटित हुई है। वहां राम सुरेश राजभर की सुपुत्री के विवाह का कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें मनियर थाना क्षेत्र के बड़सारी जागीर गांव से बारात आई हुई थी। द्वार पूजा की रस्म के दौरान, बारात में शामिल दो युवकों मोहन राजभर और विजय राजभर का कस्बे के ही तीन स्थानीय व्यक्तियों के साथ किसी बात पर विवाद हो गया। यह विवाद जबरदस्त मारपीट में बदल गया, जिसमें मोहन और विजय को गंभीर चोटें आईं। घायल मोहन राजभर को तुरंत स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, अस्पताल में उपचार के दौरान 19 वर्षीय मोहन राजभर की मृत्यु हो गई है।
फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी में रखवा कर घटना में शामिल युवकों की पहचान और गिरफ्तारी में जुट गई है।



