बलिया। बेल्थरा रोड तहसील अंतर्गत उभांव थाना परिसर में शुक्रवार को उभांव थाना प्रभारी संजय शुक्ला की अध्यक्षता में क्षेत्र के डीजे संचालकों की एक बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में डीजे संचालकों से आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग की अपेक्षा की गई।
बैठक में प्रभारी निरीक्षक ने ध्वनि प्रदूषण के मानकों, शांति व्यवस्था के वातावरण में कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु सख्त हिदायत दी, उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया की शासन द्वारा तय ध्वनि मानकों और समय सीमा का कड़ाई से पालन हो, त्योहारों को दौरान डीजे द्वारा किसी को असुविधा न हो। तेज आवाज से परिक्षार्थियों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को होने वाली असुविधा के प्रति आगाह किया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शासन द्वारा तय ध्वनि मानकों का उल्लंघन किया तो संबंधित डीजे संचालक के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कोई आयोजक डीजे से संबंधित दबाव बनाए तो हमें सूचित करें। किसी को भी बिना अनुमति के डीजे संचालन नहीं करना है।
बैठक में डीजे संचालकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने और नियमों के कड़ाई से अनुपालन का आश्वासन दिया।
पुलिस प्रशासन द्वारा डीजे संचालकों पर नकेल लगाने का प्रयास कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



