बेल्थरा रोड, बलिया। स्थानीय तहसील अंतर्गत गोविंद पुर गांव में बेखौफ बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक 45 वर्षीय व्यक्ति की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने देर रात शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु बलिया भेज दिया।
गांव में बीच सड़क पर हुई इस खौफनाक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल ने जानकारी देते हुए बताया कि देर रात भीमपुरा थाना पुलिस को सूचना मिली कि गोविंदपुर गांव के रहने वाले 45 वर्षीय बंधु यादव की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी है। जानकारी के मुताबिक, बंधु यादव पुत्र रमाशंकर यादव बेल्थरा रोड में यूनियन बैंक के पास एक मोबिल एजेंसी पर काम करते थे। रोज की तरह शुक्रवार शाम वो अपनी बाइक से घर लौट रहे थे, लेकिन रात 8 बजे तक घर नहीं पहुंचे।
चिंता बढ़ने पर मृतक का बेटा गोलू यादव अपने चाचा मुन्ना यादव के साथ पिता की तलाश में निकला। घर से कुछ ही दूरी पर सड़क किनारे उन्हें जो मंजर दिखा, उसने उनके पैरों तले जमीन खिसका दी। बंधु यादव का शव बाइक के साथ खून से लथपथ पड़ा था और उनका गला रेता गया था।
घटना की सूचना मिलते ही भीमपुरा थानाध्यक्ष अखिलेश पांडेय भारी पुलिस बल और एफएसएल (FSL) टीम के साथ फौरन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया मोर्चरी भेज दिया है। मृतक के परिवार में दो बेटे और एक बेटी है, जिनकी अभी शादी नहीं हुई है। इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातम का सन्नाटा पसरा है।
मृतक के बेटे गोलू की तहरीर पर भीमपुरा थाने में अज्ञात हत्यारों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी भी एक्शन में आ गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने घटना का संज्ञान लेते हुए कातिलों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।



