सोनभद्र में भीषण सड़क हादसे में बलिया के दो लोगों की मौत

मृतक रमेश कन्नौजिया उभांव थानांतर्गत अवायां गांव के निवासी 

बलिया। सोनभद्र के हाथी नाला थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे बलिया जिले के दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक उभांव थाना क्षेत्र के अवायां गांव निवासी रमेश कन्नौजिया तथा एक चितबड़ागांव के चंदन कुमार हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुर्धवा-हाथीनाला जंगल मार्ग पर दो ट्रेलरों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रेलर अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में जा गिरे।
मृतक रमेश कन्नौजिया (फ़ाइल फोटो) 
इस हादसे में बलिया जिले के चितबड़ागांव निवासी चंदन कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बेल्थरा रोड के उभांव थानांतर्गत अवायां गांव निवासी रमेश कन्नौजिया और राजस्थान के रहने वाले इमरान खान गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा जंगल के सुनसान मार्ग पर तेज रफ्तार और अंधेरे के कारण हुआ। दोनों ट्रेलरों की तेज गति ने स्थिति को और खराब कर दिया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल और फिर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, देर रात ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान रमेश ने दम तोड़ दिया।
रमेश अपने दो भाइयों में छोटे थे और उनके बड़े भाई अमलेश कन्नौजिया समाजवादी पार्टी के नेता हैं। रमेश की ननिहाल पशुहारी गांव में है। रमेश के माता-पिता का पहले ही देहांत हो चुका था। इस दुखद घटना की खबर मिलते ही उनके परिवार और अवायां गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। अमलेश कन्नौजिया परिजनों के साथ शव लेने वाराणसी रवाना हो गए हैं, जहां बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में रमेश का शव रखा गया है। गांव के अन्य लोग भी सड़क मार्ग से बनारस पहुंच रहे हैं।



विज्ञापन