वाराणसी। 11 मार्च 2026। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में आज 11 मार्च, 2026 को मंडल कार्यालय के भारतेन्दु सभाकक्ष में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक तथा कवि गोष्ठी का आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल संसाधन व् आंकड़ा प्रबंधक सह राजभाषा अधिकारी नवनीत वर्मा एवं अन्य शाखाधिकारियों समेत रेलवे कर्मचारी उपस्थित थे ।
राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक तथा कवि गोष्ठी का आयोजन के अध्यक्षीय सम्बोधन में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि राजभाषा के हिन्दी प्रचार-प्रसार में रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। हिंदी के व्यापक प्रयोग-प्रसार में साहित्य की विशेष भूमिका है। हमारे यहाँ सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित करने की परंपरा रही है। हम इन कार्यक्रमों के माध्यम से अपने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिंदी के प्रति प्रोत्साहित करते हैं। वाराणसी मंडल सदैव से राजभाषा के प्रयोग-प्रसार की दिशा में उल्लेखनीय भूमिका निभाता रहा हैं। आप सभी के प्रयासों से राजभाषा के प्रयोग-प्रसार में उत्कृष्ठ कार्य के लिए हमारे कार्यालय को कई पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। इन पुरस्कारों में आप सभी का योगदान है। इसके लिए आप सभी को मैं धन्यवाद देता हूँ। मंडल में सभी कार्यों में राजभाषा का प्रयोग सफलता पूर्वक किया जा रहा है। आशा करता हूँ कि इसी प्रकार से आगे भी आप लोग मंडल में राजभाषा के प्रयोग-प्रसार के क्षेत्र में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करते रहेंगे।
इस अवसर पर राजभाषा विभाग द्वारा प्रकाशित त्रैमासिक ई-पत्रिका "काशी प्रतिबिंब" का विमोचन मंडल रेल प्रबंधक जैन एवं अधिकारीयों द्वारा किया गया।
इसके पूर्व अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा ने आज आयोजित "कवि गोष्ठी" में पधारे सभी कवियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन की शुभकामना दी । उन्होंने "काशी प्रतिबिंब" पत्रिका के नये अंक हेतु रेल कर्मचारियों द्वारा उपलब्ध कराई गई रचनाओं की प्रशंसा करते हुए अगले अंक के लिए तकनीकी लेख एवं रचनाएँ आमंत्रित की जिससे पत्रिका को और ज्यादा रोचक एवं उपयोगी बनाया जा सके। उन्होंने बताया की मंडल कार्यालय हिंदी प्रयोग-प्रसार के क्षेत्र में निरंतर अग्रणी रहा है। आप सभी के सहयोग से पिछले दिनों में मंडल कार्यालय को रेलवे बोर्ड द्वारा हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए रेलवे बोर्ड द्वारा आदर्श मंडल पुरस्कार एवं वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर रजत प्रिय को व्यक्तिगत नगद पुरस्कार, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बरेका द्वारा प्रथम पुरस्कार तथा मुख्यालय द्वारा अंतर्मंडलीय ट्राफी एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया है। राजभाषा सम्बंधी पुरस्कारों के लिए मैं आप सभी का आभार व्यक्त करता हूँ।
उन्होंने आग्रह किया कि सभी विभाग वेबसाइट पर द्विभाषी सामग्री अपलोड करें एवं इसकी नियमित मानीटरिंग भी करें। उम्मीद है कि इस दिशा में आप सभी का सहयोग हमेशा मिलता रहेगा और हमारा मंडल राजभाषा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका प्रदान करता रहेगा।
इस अवसर पर आयोजित कवि सम्मेलन में मुख्य कवि के रूप में श्री भूषण त्यागी(वरिष्ठ कवि/देवरिया सदर),श्री उपेन्द्र सिंह (फजीहत गाजीपुरी) एवं श्री नागेश शांडिल्य ने राजभाषा को समर्थन देने वाली काव्य रचनाओं का वाचन कर स्रोताओं को राजभाषा हिन्दी के प्रति अधिक संवेदनशील औए भावुक किया ।
राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक एवं कवि गोष्ठी का संचालन करते हुए राजभाषा अधिकारी नवनीत कुमार वर्मा ने राजभाषा पर सुझावों पर विस्तृत चर्चा की और किये गये सुधारों के बारे में सदस्यों को अवगत कराया । इस बैठक के दौरान राजभाषा प्रगति की समीक्षा की गयी,पिछले कार्यन्वयन समिति की बैठक के कार्यवृन्त की पुष्टि की गयी तथा अगली बैठक हेतु सुझाव लिए गये । राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक तथा कवि गोष्ठी का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन राजभाषा अधिकारी नवनीत कुमार वर्मा सिंह द्वारा किया गया।



