अगलगी पीड़ित परिवार को सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से मिली ₹50 हजार की सहायता

बेल्थरा रोड, बलिया। बेल्थरा रोड विधानसभा क्षेत्र के हल्दीरामपुर स्थित छपिया गांव में विगत माह हुई अगलगी की घटना से प्रभावित परिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से पचास हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। गुरुवार, 18 जून 2026 को सलेमपुर लोकसभा के सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सहायता राशि का चेक सौंपा।
ज्ञात हो कि छपिया गांव निवासी विक्रम राजभर के घर में पिछले महीने भीषण आग लग गई थी, जिसमें उनका पूरा आशियाना एवं घरेलू सामान जलकर राख हो गया था। इस घटना में परिवार को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा था। मामले की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए पीड़ित परिवार के लिए 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की।
गुरुवार को सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी गांव पहुंचकर विक्रम राजभर, उनकी पुत्री प्रियंका राजभर एवं परिवार के अन्य सदस्यों से मिले। उन्होंने पीड़ित परिवार का हालचाल जाना तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से ₹50 हजार की सहायता राशि का चेक सौंपा। सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी सदैव गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों के सुख-दुख में सहभागी रही है और आगे भी हरसंभव सहयोग करती रहेगी।
इस अवसर पर सांसद के मीडिया प्रभारी जितेश कुमार वर्मा (एडवोकेट) ने कहा कि “समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव हमेशा गरीब, असहाय और आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए तत्पर रहते हैं। छपिया गांव के इस पीड़ित परिवार को प्रदान की गई सहायता समाजवादी विचारधारा की संवेदनशीलता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी लगातार क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर उनकी समस्याओं के समाधान हेतु कार्य कर रहे हैं। पार्टी भविष्य में भी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी रहेगी।”
सहायता राशि प्राप्त करने के बाद विक्रम राजभर एवं उनके परिवार ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तथा सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कठिन समय में मिली यह आर्थिक सहायता उनके लिए बड़ी राहत साबित होगी।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विज्ञापन