भीषण उमस भरी गर्मी में राहगीरों का सहारा बनी 'छागल', बेटे को याद कर भावुक हुए 'मेडिकल मैन' राजेश सिंह दयाल


रिपोर्ट - ओमप्रकाश सिंह 

"चिकित्सा और जनसेवा मेरे लिए राजनीति नहीं, बल्कि दिल से जुड़ा हुआ मिशन- राजेश सिंह दयाल 

बेल्थरा रोड, बलिया। क्षेत्र में पड़ रही भीषण उमस और 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचे तापमान ने जन-जीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। तेज धूप के कारण जहां लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हैं और पशु-पक्षी बेहाल हैं, वहीं इस चिलचिलाती धूप में रोजी-रोटी के लिए निकले राहगीरों और जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के लिए 'मेडिकल मैन' के नाम से चर्चित राजेश सिंह दयाल एक बार फिर मैदान में उतरे हैं।
गुरुवार को उत्तर प्रदेश भाजपा प्रवासी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राजेश सिंह दयाल ने 'राजेश सिंह दयाल फाउंडेशन' के बैनर तले क्षेत्र में 'मुफ्त शीतल जल (छागल) वितरण अभियान' चलाया गया। तपती दोपहर में शीतल जल से भरी छागल पाकर श्रमिकों, रिक्शा चालकों, ठेले-रेहड़ी वालों और आम राहगीरों के चेहरों पर जो संतोष दिखा, उसने इस मानवीय पहल की सार्थकता को सिद्ध कर दिया। लोगों ने भीषण गर्मी के बीच इसे एक बड़ी राहत बताया।
केवल छागल बांटना नहीं, सम्मान और अपनत्व पहुंचाना है उद्देश्य
इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए राजेश सिंह दयाल ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल छागल वितरित करना नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक घर तक राहत, सम्मान और अपनत्व की भावना पहुंचाना है। उन्होंने कहा, “जब किसी परिवार को घर में ठंडा पानी मिलेगा, जब कोई बुजुर्ग तपती दोपहर में शीतल जल पीकर राहत महसूस करेगा, जब कोई मजदूर दिनभर की कड़ी मेहनत के बाद अपनी प्यास बुझाएगा और जब कोई रिक्शा वाला खुद पानी पिएगा व अपनी सवारियों को भी पिलाएगा, तभी इस अभियान का वास्तविक उद्देश्य पूरा होगा।” उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसेवा का मतलब अब केवल राजनीति नहीं है, बल्कि लगातार निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा करना ही सच्ची जनसेवा है।
दर्दनाक अतीत को याद कर छलक उठीं आंखें
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए एक पल ऐसा भी आया जब राजेश सिंह दयाल फफक पड़े। अपने जीवन के सबसे दर्दनाक अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में पर्याप्त संसाधन होने के बावजूद वह अपने पुत्र को समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं करा सके थे, जिसके कारण उन्हें अपने बच्चे को खोना पड़ा। भर्राए गले से उन्होंने कहा कि उस घटना का दर्द आज भी उनके मन में जीवित है और जीवनभर रहेगा। यही कारण है कि चिकित्सा सेवा उनके लिए केवल एक सामाजिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि दिल से जुड़ा हुआ एक बेहद निजी और पवित्र मिशन है।
इस पुनीत अवसर पर एमएलसी रविशंकर सिंह 'पप्पू' के प्रतिनिधि रविशंकर सिंह 'पिक्कू', राहुल सिंह, जसुराम राजभर, शेख एजाजुद्दीन सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे। भीषण गर्मी के बीच शीतल जल वितरण और चिकित्सा सेवा के प्रति राजेश सिंह दयाल का यह समर्पण पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। सेवा और संवेदना से जुड़ी इस पहल ने समाज को मानवता का एक कड़ा और सकारात्मक संदेश दिया है।
विज्ञापन