सीएम योगी के जन्मदिन पर वनटांगिया में लगा मेगा स्वास्थ्य शिविर, सांसद रवि किशन ने किया उद्घाटन

सिकंदरपुर, बलिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन के अवसर पर वनटांगिया क्षेत्र में विशाल स्वास्थ्य शिविर और वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्रीनलैंड फाउंडेशन एवं ग्रीनलैंड सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद रवि किशन शुक्ल ने पौधारोपण और फीता काटकर किया। इस दौरान हजारों ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाएं वितरित की गईं।
इस अवसर पर सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता व समाजसेवी डॉ. विजय रंजन ने सीएम योगी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके सुशासन और विकास मॉडल को पूरे देश के लिए प्रेरणा बताया। डॉ. रंजन ने कहा कि जिस तरह सीएम योगी की दूरदर्शी सोच ने उपेक्षित रहे वनटांगिया क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है, उसी तर्ज पर अवसर मिलने पर वे सिकंदरपुर में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास की नई इबारत लिखने के लिए संकल्पित हैं।
कार्यक्रम में सांसद रवि किशन ने आयोजकों के प्रयास की सराहना की। अंत में डॉ. डी.के. गुप्ता, डॉ. सुधीर गुप्ता व डॉ. विजय रंजन सहित अन्य अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

विज्ञापन