रसड़ा, बलिया। जनपद बलिया के रसड़ा क्षेत्र अंतर्गत अठिला पुरा गांव के लिए यह गर्व और खुशी का अवसर है। गांव निवासी दिव्यांश सिंह ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर जेईई एडवांस्ड- 2026 परीक्षा में सफलता हासिल कर आई.आई.टी जम्मू में प्रवेश प्राप्त कर लिया है। दिव्यांश ने देश की सबसे कठिन मानी जाने वाली इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 17411 प्राप्त की। काउंसलिंग के बाद उन्हें आईआईटी जम्मू में केमिकल इंजीनियरिंग ब्रांच आवंटित हुई है ।
दिव्यांश अमर नाथ सिंह के पोते, शमशेर बहादुर सिंह के भतीजे और अठिला पुरा, रसड़ा निवासी विनय कुमार सिंह के पुत्र हैं। दिव्यांश के चाचा दिलीप सिंह व बब्लू सिंह एवं कर्ण छपरा निवासी शिक्षक सत्यम सिंह ने बताया कि यह हमारे पूरे परिवार के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। दिव्यांश ने अपनी कड़ी मेहनत से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हम सभी उसे हार्दिक बधाई देते हैं और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं। दिव्यांश की इस उपलब्धि की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने दिव्यांश को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।



