बलिया। सुखपुरा थाना क्षेत्र के बहादुरपुर पुलिया के पास बुधवार को बाइक सवार बदमाशों ने अधिवक्ता पर पीछे से चाकू से हमला कर घायल कर दिया और चाकू को पीठ में ही छोड़ दिया। आसपास के लोगों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने हालत नाजुक देख युवक को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार सुखपुरा थाना क्षेत्र के जीरा बस्ती निवासी अधिवक्ता रितेश तिवारी (उम्र 45 वर्ष) पुत्र स्व० गोपाल तिवारी शहर की ओर से अपने गांव जीराबस्ती जा रहे थे। जैसे ही बहादुरपुर पुलिया के पास स्थित फल की दुकान पर फल लेने के लिए उतरे, वैसे ही पीछे से अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उनकी पीठ में चाकू मारकर घायल कर दिया और चाकू को पीठ में ही छोड़ कर भाग निकले। आसपास के लोगों ने आनन-फानन में अधिवक्ता को जिला अस्पताल भेजवाया।डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार के उपरांत उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि घायल चार भाइयों में तीसरे नंबर पर हैं। यह पेशे से अधिवक्ता हैं और जीरा बस्ती में गिट्टी बालू की दुकान चलाते हैं। इसके पूर्व स्टांप विक्रेता का भी काम करते थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल रितेश का अपने पाटीदारों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इस मामले में घायल पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के विरुद्ध मुकदमा भी दर्ज किया था।
घायल का आरोप है कि विपक्षी सुलह समझौता के लिए लगातार दबाव बना रहे थे। जिसकी सूचना चौकी पर लगातार दी जा रही थी। लेकिन चौकी इंचार्ज द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसका नतीजा है कि उनके द्वारा आज जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर घायल कर दिया गया। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी बलिया संजय वर्मा ने बताया कि सुखपुरा थाना अंतर्गत बहादुरपुर पुलिया पर रितेश तिवारी नामक युवक को चाकू से हमला कर घायल कर दिया गया है। घायल को इलाज हेतु जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से डाक्टरों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है। दोनों पक्षों में पूर्व में जमीन का विवाद भी बताया जा रहा है। नियमानुसार जांच कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।



