IRAS अधिकारी चित्रा सिंह ने ED में उप निदेशक बन रचा इतिहास, चेन्नई से दिल्ली तक पहुंचा गांव का गौरव

दोकटी, बलिया। बैरिया तहसील क्षेत्र में कर्ण छपरा की बहू ने देश की सबसे सशक्त जांच एजेंसी में पहुंचकर एक बार फिर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। भारतीय रेलवे लेखा सेवा IRAS की राजपत्रित अधिकारी चित्रा को प्रवर्तन निदेशालय ED में उप निदेशक (Deputy Director) के प्रतिष्ठित पद पर प्रतिनियुक्ति मिली है। भारत सरकार, वित्त मंत्रालय के 02 जुलाई 2026 के आदेश से यह नियुक्ति प्रभावी हुई है। चित्रा इस उपलब्धि के साथ ED में सेवा देने वाली अपने क्षेत्र से पहली राजपत्रित अधिकारी बन गई हैं। वर्तमान में चित्रा तमिलनाडु के सेलम, चेन्नई में DFM यानी डिविजनल फाइनेंस मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। यह पद भी भारतीय प्रशासनिक सेवा IAS स्तर का माना जाता है। अब तीन वर्ष की प्रतिनियुक्ति पर वे दिल्ली स्थित प्रवर्तन निदेशालय में उप निदेशक लेवल 11 के पद पर देश सेवा करेंगी। ED देश की मनी लॉन्ड्रिंग, फेमा और आर्थिक अपराधों की जांच करने वाली सर्वोच्च एजेंसी है। चित्रा स्व. जवाहर सिंह की बहू हैं और कमिश्नर पद पर कार्यरत सौरभ सिंह की पत्नी हैं। उनके इस चयन से पूरे परिवार और गांव में खुशी की लहर है। 
गांव के शिक्षक व पत्रकार राजेश सिंह गुड्डू, शिक्षक सत्यम सिंह लाला, चाचा शैलेन्द्र सिंह पूर्व शिक्षक समेत दर्जनों परिजन और ग्रामीण उनके आवास पर बधाई देने पहुंचे। सभी ने कहा कि चित्रा ने मेहनत, लगन और उत्कृष्टता से यह मुकाम हासिल किया है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने चित्रा को बधाई देते हुए कहा कि आपने एक बार फिर हम सभी को गौरवान्वित किया है। चित्रा सिंह ने ED जैसी देश की सबसे सशक्त जांच एजेंसियों में सेवा देने वाली पहली राजपत्रित अधिकारी बनकर इतिहास रच दिया है। शिक्षक राजेश सिंह गुड्डू ने कहा कि चित्रा बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी थीं। IRAS जैसी प्रतिष्ठित सेवा में चयन और अब ED में उप निदेशक बनना उनकी निरंतर मेहनत का परिणाम है। पूर्व शिक्षक शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि बेटी हो या बहू यदि अवसर पाएं तो किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं रहतीं। चित्रा इसका जीता जागता उदाहरण हैं।
चित्रा की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और आम जनता की ओर से बधाई संदेशों का तांता लगा हुआ है। शुभचिंतकों ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि चित्रा सिंह और सौरभ निरंतर नई ऊंचाइयां प्राप्त करें और अपने कार्यों से देश, विभाग तथा हम सभी का नाम और अधिक रोशन करें। 
इस अवसर पर धर्मेन्द्र सिंह घूटरी, जितेन्द्र सिंह हाथी, नरेंद्र सिंह, हरिनारायण सिंह पत्रकार, मुन्ना सिंह सभी ने उनके नए दायित्व और उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। गांव वासियों का मानना है कि चित्रा के रूप में क्षेत्र की बहू ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं।

विज्ञापन