परिषदीय विद्यालयों में मिड-डे-मील बनाने वाली रसोइयों के मानदेय में ₹ 1000 की वृद्धि एवं ड्रेस के लिए ₹ 500 की अतिरिक्त धनराशि की हुई वृद्धि

बेल्थरा रोड, बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा परिषदीय विद्यालयों में मिड-डे-मील तैयार करने वाली रसोइयों के मानदेय में एक हजार रुपये की वृद्धि एवं ड्रेस के लिए 500 रुपये की अतिरिक्त धनराशि की वृद्धि की गई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पूरे उत्तर प्रदेश के मध्यान्ह भोजन को तैयार करने वाली रसोईयों के लिए पांच लाख रुपए कैशलेश चिकित्सा योजना का शुभारंभ किए जाने के क्रम में रविवार को बेल्थरा रोड स्थित हरिकेवल प्रसाद कुशवाहा प्रेक्षागृह में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ टी.एन. मिश्रा सामाजिक कार्यकर्ता एवं सुनील कुमार चौबे खण्ड शिक्षा अधिकारी सीयर ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विभिन्न परिषदीय विद्यालयों की रसोइयों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस कार्ड वितरित किए गए।
प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस कार्ड प्राप्त करने वाली रसोइयों में प्राथमिक विद्यालय बेल्थरा बाजार की कमलावती देवी, प्राथमिक विद्यालय पहाड़पुर की लखिया, प्राथमिक विद्यालय खैराखास की प्रमिला एवं रिकीं, कंपोजिट विद्यालय सोनाडीह भीटा की रमावती तथा प्राथमिक विद्यालय पतोई की बसंती शामिल रहीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए टी एन मिश्रा ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन तैयार करने में रसोइयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सुनील कुमार चौबे खण्डशिक्षा अधिकारी ने कहा कि सरकार द्वारा मानदेय में वृद्धि,ड्रेस की धनराशि और कैशलेस कार्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराकर रसोईयों के हित में सराहनीय कदम उठाया गया है। 
इस अवसर पर दिनेश कुमार गुप्ता, एआरपी राकेश वर्मा, देवेंद्र वर्मा, अजय त्रिपाठी, जयप्रकाश यादव, जितेंद्र वर्मा, सतेंद्र तिवारी, निर्भय नारायण यादव, आशुतोष पांडेय, दिलीप कुशवाहा, संदीप कुमार श्रीवास्तव, नीतीश त्रिपाठी, अमित गुप्ता, मीरा शुक्ला, सरिता यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों की रसोइयां भी उपस्थित रहीं।

विज्ञापन