बलिया के महाराजपुर पहुंचे प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र, ग्रामीणों ने बताईं बाढ़-कटान की समस्याएं

बाढ़-कटान से प्रभावित ग्रामीणों को जल्द मिलेगा नियमानुसार मुआवजा

बलिया। प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने गुरुवार को तहसील बांसडीह क्षेत्र के ग्राम महाराजपुर के बाढ़ पीड़ित ग्रामीणों के साथ बैठक की। उन्होंने कटान और बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। 
उन्होंने कहा कि सरकार बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के साथ खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पात्र प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा शीघ्र उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद तहसीलदार को निर्देश दिया कि कोई भी बाढ़ पीड़ित मुआवजे से वंचित न रहे। जिन ग्रामीणों के मकान और खेत बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, उनकी नियमानुसार पूरी सहायता सुनिश्चित की जाए। प्रभारी मंत्री ने मौके पर मौजूद बाढ़ अधिकारी से महाराजपुर गांव को घाघरा नदी के कटान से बचाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर जल्द कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि मुख्यमंत्री ने मुझे क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए भेजा है। जिलाधिकारी ने भी ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि गांव की सुरक्षा के लिए एक बड़े प्रोजेक्ट का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाएगा। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार गांव की सुरक्षा को प्राथमिकता दे रही है और इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। बैठक में माननीय मंत्री दानिश आजाद अंसारी, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, बांसडीह विधायिका केतकी सिंह, तहसीलदार बांसडीह, एसडीएम बांसडीह, बाढ़ खण्ड अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे ।


विज्ञापन