सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर ‘विद्यार्थी’ ने स्वास्थ्य मंत्री को पत्र भेजकर केंद्रीय टीम से जांच कराने की, की मांग
बेल्थरा रोड, बलिया।विकासखंड सीयर की ग्राम पंचायत पशुहारी में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की रहस्यमय बीमारी से मौत का मामला सामने आने के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। परिवार के दो अन्य सदस्य भी बीमारी की चपेट में बताए जा रहे हैं। बीमारी के कारणों की जानकारी नहीं होने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ती जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रमाशंकर राजभर ‘विद्यार्थी’ ने भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्री को पत्र भेजकर तत्काल गांव में केंद्रीय स्वास्थ्य विशेषज्ञों की टीम भेजने की मांग की है। सांसद ने प्रभावित परिवार के साथ-साथ पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों की चिकित्सकीय जांच कराने तथा बीमारी के वास्तविक कारणों का पता लगाने का अनुरोध किया है।
बताया गया कि पशुहारी निवासी शिवचंद राजभर करीब एक माह पूर्व बेंगलुरु से कमाकर अपने घर लौटे थे। इसके बाद उनके परिवार में रहस्यमय बीमारी का सिलसिला शुरू हुआ। बीमारी के चलते शिवचंद राजभर की पत्नी आशा देवी की 29 अगस्त 2026 और माता जोन्हिया देवी की 1 सितंबर 2026 को को सुबह में ही मौत हो गई। परिजन अभी जोन्हिया देवी का दाह संस्कार कर ही रहे था कि परिवार के एक अन्य सदस्य शिवचंद राजभर की पुत्री प्रीति की भी इसी बीमारी से मृत्यु हो गई। लगातार तीन मौतों से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों के अनुसार शिवचन्द राजभर भी इसी बीमारी से पीड़ित हैं। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सीएमएस, बलिया की सलाह पर उन्हें बलिया सदर अस्पताल से गोरखपुर स्थित एम्स (AIIMS) में भर्ती कराया गया। सांसद रमाशंकर राजभर ‘विद्यार्थी’ ने एम्स गोरखपुर के निदेशक से स्वयं बात कर शिवचन्द के बेहतर उपचार के लिए भर्ती की व्यवस्था कराई। इसके साथ ही सांसद ने गोरखपुर जाते समय रास्ते में शिवचंद और उनके बेटे मनन राजभर से मुलाकात कर उन्हें आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।सांसद की इस पहल से परिजनों को इलाज में मदद मिलने के साथ-साथ उन्हें काफी संबल मिला है। बीमारी में बुखार, सांस फूलना, पैर लाल होकर फूलना तथा पैर का कड़ा हो जाना और अंत में सांस लेने में गंभीर परेशानी जैसे लक्षण सामने आने की बात कही जा रही है। स्थानीय स्तर पर उपचार एवं जांच के प्रयासों के बावजूद बीमारी की स्पष्ट पहचान नहीं हो पाने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। सांसद रमाशंकर राजभर ‘विद्यार्थी’ ने स्वास्थ्य मंत्री से मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय विशेषज्ञों की टीम तत्काल भेजने, मृतकों की बीमारी के कारणों की जांच कराने तथा गांव में व्यापक स्वास्थ्य सर्वेक्षण एवं आवश्यक चिकित्सकीय जांच कराने का आग्रह किया है, ताकि बीमारी की वास्तविक वजह सामने आ सके और समय रहते अन्य लोगों की जान बचाई जा सके।



